कटिहार के अमदाबाद में भीषण आगलगी, खाना बनाते समय लगी आग से एक परिवार का घर जलकर राख*
कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी करीमुल्लापुर पंचायत के गोपालपुर सीज नियामत टोला में एक भीषण आगलगी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि खाना बनाने के दौरान अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते एक परिवार के घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सामान बचाने का मौका तक नहीं मिल सका। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस आगलगी की घटना में सुल्तान, पिता शाहिद आलम, का पूरा घर जलकर राख हो गया। घर में रखा खाने का अनाज, पहनने के कपड़े, जरूरी कागजात और नगद रुपए सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया।
घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थानीय प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत एवं मुआवजा देने की मांग की जा रही है।