शेरघाटी में शिक्षा का उत्सव: मानव भारती पब्लिक स्कूल के 10 वर्ष पूरे, खेल दिवस पर दिखा जोश और जुनून !
आमस से पत्रकार दीपक की रिपोर्ट :-
चन्डीस्थान (आमस ) : मानव भारती पब्लिक स्कूल के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य खेल दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर पूर्व चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिंह (वशिष्ठ अतिथि) तथा शेरघाटी विधायक उदय कुमार सिंह (मुख्य अतिथि) ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक संजय कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद का संतुलन ही छात्रों के सर्वांगीण विकास की कुंजी है।
समारोह में प्रिंसिपल आनंद कुमार सिंह, लोचपा जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह एवं भाजपा नेता रोबिन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्रों को अनुशासन, मेहनत और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
खेल दिवस के तहत विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं के बीच दौड़, लंबी कूद, कबड्डी, रिले रेस सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच से मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसी दौरान परिसर में संजय सिंह डिग्री कॉलेज के नए कैंपस का फीता काटकर उद्घाटन भी किया गया, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए अवसर खुलने की उम्मीद जताई गई।
कार्यक्रम में अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भी अच्छी भागीदारी रही, जिससे पूरा परिसर उत्साह और तालियों की गूंज से भर उठा।