थमा प्रचार का शोर, 23 को होगा मतदान – अध्यक्ष पद के 10 एवं 92 वार्ड पार्षद प्रत्याशी मैदान में
श्री बंशीधर नगर, दिनांक 22/02/2026 -
नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर में चुनाव प्रचार का शोर अब थम चुका है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तय समय सीमा समाप्त होते ही सभी प्रत्याशियों ने अपने प्रचार अभियान को विराम दे दिया है। अब 23 तारीख को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेंगे।
इस बार अध्यक्ष पद के लिए कुल 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वहीं नगर पंचायत के सभी 17 वार्डों में कुल 92 वार्ड पार्षद प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बीते कई दिनों से पूरे नगर क्षेत्र में जनसभाएं, रैलियां, पदयात्राएं और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से चुनावी माहौल काफी गर्म रहा। विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, आवास योजना, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और पारदर्शिता जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से छाए रहे।
प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाएं और आवश्यक कर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।
यह चुनाव झारखंड के नगर निकाय चुनाव के अंतर्गत हो रहा है, जिसके परिणाम 27 तारीख को घोषित किए जाएंगे। अब 23 फरवरी को मतदान और 27 को आने वाले परिणाम पर पूरे नगर की नजरें टिकी हुई हैं, जो आगामी पांच वर्षों के लिए नगर की दिशा और नेतृत्व तय करेंगे।