logo

भागलपुर–साहिबगंज रेलखंड पर आज छह घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक

भागलपुर। रेलवे प्रशासन ने जानकारी दी है कि भागलपुर–साहिबगंज रेलखंड पर रविवार को करीब छह घंटे का ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक सुबह 10 बजे से शाम 4:10 बजे तक प्रभावी रहेगा।

पीरपैंती स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 के बीच नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण कार्य के तहत 12 मीटर चौड़े स्टील गर्डर की लॉन्चिंग की जाएगी। इस दौरान स्टेशन की मुख्य लाइन, लूप लाइन और साइडिंग लाइन अस्थायी रूप से बंद रहेंगी, जिससे रेल परिचालन प्रभावित होगा।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, ब्लॉक शुरू होने से पहले कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाया जाएगा। भागलपुर की ओर आने वाली धुलियन पैसेंजर निर्धारित समय से पहले रवाना की जाएगी, जबकि साहिबगंज दिशा में जाने वाली जयनगर–हावड़ा एक्सप्रेस को पहले ही भेजा जाएगा। इसके अलावा दो ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

रामपुरहाट–गया पैसेंजर सेवा को भी रामपुरहाट से लगभग तीन घंटे विलंब से रवाना किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके।

6
1306 views