जयपुर के बाहर फायरिंग से दहशत, महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हमला!
जयपुर/अजमेर।
महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवर्धन सिंह परमार पर जानलेवा हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, जब वे अजमेर दरगाह से जुड़े एक मामले में पेशी पर जा रहे थे, उसी दौरान जयपुर के बाहर उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक वाहन में सवार चार से पांच अज्ञात बदमाश अचानक मौके पर पहुंचे और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
कोर्ट में केस चलने के बाद से लगातार घटनाएं
महाराणा प्रताप सेना के कार्यालय प्रभारी ने बताया कि जब से यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है, तब से संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ लगातार संदिग्ध और भय पैदा करने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं। इस हमले को भी उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रशासन से सुरक्षा की मांग
कार्यालय प्रभारी ने प्रशासन से मांग की है कि
“जब तक कोर्ट में केस चल रहा है, तब तक श्री परमार और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को उचित सुरक्षा व्यवस्था प्रदान की जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।”
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, हालांकि अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।
सवालों के घेरे में कानून-व्यवस्था
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने एक बार फिर जयपुर और आसपास के इलाकों की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।