logo

आधार कार्ड व मोबाइल नंबर के साथ ही बनेगा पर्चा, सीएचसी ने जारी की नई व्यवस्था मरीज से आधार कार्ड व मोबाइल नंबर साथ लाने की अपील

फतेहगंज पश्चिमी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खिरका फतेहगंज पश्चिमी में फरवरी 2026 से नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब पर्चा बनवाने के लिए मरीजों को आधार कार्ड और मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा। इस निर्णय का उद्देश्य मरीजों का सही रिकॉर्ड तैयार करना और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुव्यवस्थित बनाना बताया जा रहा है।
सीएचसी के फार्मासिस्ट डॉ. राजेंद्र मेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्चा बनवाने के समय आधार कार्ड और मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा, जिससे मरीजों का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति किसी कारणवश आधार कार्ड या मोबाइल नंबर साथ नहीं ला पाता है, तो भी उसे पर्चा बनाकर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। किसी भी मरीज को इलाज से वंचित नहीं किया जाएगा।
वहीं जांच लैब के टेक्नीशियन सौरभ पटेल ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में किसी भी प्रकार की जांच करवाने के लिए भी आधार कार्ड और मोबाइल नंबर लाना अनिवार्य रहेगा। इससे जांच रिपोर्टों का सही संधारण और भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर जानकारी उपलब्ध कराना आसान होगा।
नई व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन का कहना है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर व व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे स्वास्थ्य केंद्र आते समय अपने साथ आधार कार्ड और मोबाइल नंबर अवश्य लेकर आएं, ताकि पर्चा व जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

0
470 views