
विधायक पुत्र का रामपुरा में भव्य तुला दान, युवाओं में दिखा खासा उत्साह
Ajeet
माधौगढ़ (जालौन)। कालपी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद चतुर्वेदी के पुत्र आशू चतुर्वेदी का जन्मोत्सव शुक्रवार को रामपुरा कस्बे में अत्यंत धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और समर्थकों की भागीदारी रही, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत रजपुरा से स्वागत जुलूस के साथ हुई। युवा नेता मोहित त्रिपाठी ने अपनी टीम के साथ आशू चतुर्वेदी का भव्य स्वागत किया। जुलूस के दौरान ढोल-नगाड़ों और जयकारों से माहौल गूंज उठा। विशेष आकर्षण के रूप में बुलडोजर से पुष्पवर्षा की गई, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इसके उपरांत अवध आश्रम परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। आशू चतुर्वेदी को चांदी का मुकुट पहनाया गया और उनके हाथ में हनुमान जी की गदा देकर शक्ति, सेवा और एकता का संदेश दिया गया। पूरे परिसर में ‘आशू जिंदाबाद’ के जयकारों से वातावरण गूंजायमान हो उठा। उपस्थित युवाओं ने एकजुटता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण तुला दान रहा। धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न इस अनुष्ठान में आशू चतुर्वेदी का प्रतीकात्मक तुला दान किया गया, जिसे सामाजिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व का बताया गया। आयोजकों ने इसे सेवा और समर्पण की भावना से जोड़कर प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मोहित त्रिपाठी, दम्मू दीक्षित (नवादा), सुरेन्द्र दीक्षित, राघवेंद्र उपाध्याय, भरत दौंदेरिया, अरविन्द सिंह, मधुर चतुर्वेदी, अनुराग, विशेष, मयंक चतुर्वेदी, शुभम (मोनू), शिवम जाजेपुरा, मनीष मोनस, प्रिंस उपाध्याय, संतोष प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। पूरे आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक एकता और युवाशक्ति के प्रदर्शन का संदेश दिया।