logo

पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर दर्दनाक हादसा: बाइक सवार की मौत, अज्ञात वाहन फरार..

पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 31 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान अथमलगोला थाना क्षेत्र के करजान निवासी राजेंद्र प्रसाद के पुत्र राकेश कुमार (31) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश कुमार शुक्रवार को अपनी ससुराल मसौढ़ी से बाइक से अपने पैतृक गांव करजान लौट रहे थे। जैसे ही वह फतुहा थाना क्षेत्र के सूपनचक के पास फोरलेन पर पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राकेश सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तुरंत फतुहा थाना को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर शुभम कुमार और एसआई केतु कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल राकेश को इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच भेजा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
सब इंस्पेक्टर शुभम कुमार ने बताया कि सूपनचक के पास दुर्घटना की सूचना मिली थी। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

5
90 views