पटना के जेपी सेतु पर वाहन जांच के दौरान कार से 18 लाख पांच हजार रुपये बरामद...
पटना में सख्ती के बीच चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी रकम बरामद होने का मामला सामने आया है। पटना पुलिस द्वारा जेपी सेतु पर नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक कार चालक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस को संदेह होने पर टीम ने तुरंत कार का पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन को रोक लिया। तलाशी लेने पर कार से कुल 18 लाख 5 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
कार में सवार दो लोगों से जब इतनी बड़ी राशि के बारे में पूछताछ की गई तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी है।
फिलहाल आयकर विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद राशि का स्रोत क्या है और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।