खनन माफियाओं पर सख्त प्रहार, रानीपोखरी में डम्पर सीज़
देहरादून। जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रानीपोखरी क्षेत्र में एक डम्पर को मौके पर ही सीज़ कर दिया। औचक चेकिंग अभियान के दौरान पकड़े गए वाहन के दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद विभागीय टीम ने बिना देर किए कड़ी कार्रवाई अमल में लाई।
जांच के दौरान सामने आया कि खनन सामग्री का परिवहन निर्धारित नियमों और वैध अनुमति के विपरीत किया जा रहा था। टीम ने तत्काल वाहन को कब्जे में लेकर वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, विभाग द्वारा लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी ।