परीक्षा को भयमुक्त एवं तनावमुक्त रखना आवश्यक – जगजीवन जांगड़े
मिडिल स्कूल धमनी में विदाई समारोह का भव्य आयोजन
हसौद। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला धमनी में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। 19 फरवरी 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा छठवीं एवं सातवीं के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के लिए आकर्षक फेयरवेल कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण ‘ज्ञान दीप’ से सम्मानित नवाचारी शिक्षक जगजीवन प्रसाद जांगड़े के कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ शिक्षकों द्वारा माता सावित्रीबाई फुले एवं सरस्वती माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर कक्षा छठवीं एवं सातवीं के विद्यार्थियों ने कक्षा आठवीं के छात्रों का तिलक लगाकर, बैज पहनाकर एवं कलम भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। साथ ही शालेय परिवार को फोटोयुक्त फ्रेम भी भेंट किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में आरुषि कोयल, नेहा, सुधा बंजारे, प्रतिव्या खूंटे, पीहू मधुकर, हेमा महंत, मनीष, शिवम और साहिल सहित अन्य विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।
प्रधान पाठक टिकेश्वर प्रसाद दुबे ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी एवं परिश्रम के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और अनुशासन से ही प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
वरिष्ठ शिक्षक जगजीवन प्रसाद जांगड़े ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के प्रेरणादायी विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा,
"सपने वो नहीं होते जो नींद में देखे जाते हैं, सपने तो वो होते हैं जो आपको सोने नहीं देते।"
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विदाई केवल एक कक्षा से है, विद्यालय से नहीं। सभी छात्र-छात्राएं अच्छे अंक अर्जित कर अपने माता-पिता एवं शिक्षकों का नाम रोशन करें।
शिक्षक मनीष दास बैरागी ने विद्यार्थियों को धैर्य, साहस एवं ईमानदारी के साथ परीक्षा की तैयारी करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि परीक्षा को भयमुक्त और तनावमुक्त रखना आवश्यक है तथा दृढ़ संकल्प से ही सफलता प्राप्त होती है।
कार्यक्रम के दौरान मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कविता, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी एवं अपने अनुभव प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। अंत में केक काटकर विद्यार्थियों के बीच केक, मिक्सचर एवं बिस्किट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर खुशी, सिमरन एवं दिव्या को “स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2026” चुना गया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रतिव्या खूंटे (कक्षा सातवीं) एवं पीहू मधुकर (कक्षा छठवीं) ने किया। कार्यक्रम में शिक्षक संजय कुमार तंजय एवं हेरोद कुमार भारद्वाज की विशेष उपस्थिति रही।
समारोह उत्साह, उमंग एवं भावनाओं से ओत-प्रोत रहा, जहां जूनियर्स ने सीनियर्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी।
“लक्ष्य न ओझल होने पाए, कदम मिलाकर चल,
मंजिल मिलेगी आज नहीं तो कल।”