logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शंकराचार्य प्रकरण निंदनीय, गंगापुल निर्माण में देरी पर सरकार घिरी-अखिलेश यादव

खागा फतेहपुर संवाददाता।
-फतेहपुर दौरे पर अखिलेश का वार-अमेरिका ट्रेड डील पर तंज, गंगापुल निर्माण में देरी पर सरकार घिरी।
-‘किसानों को नहीं मिल रहा दाम, अपराध बढ़े’-खागा में बोले अखिलेश यादव।
-असनी-गेगासो गंगापुल पर सरकार को घेरा, बोले-नक्शा ही बन रहा या किसी खास का इंतजार।
-अमेरिका से अंडा-दाना मंगाने पर चुटकी, बोले-किसान मुश्किल में पड़ जाएगा।
-रायबरेली हत्याकांड और गोरखपुर मौतों पर सरकार पर साधा निशाना।
अखिलेश यादव शुक्रवार को फतेहपुर जिले की खागा तहसील के अफोई गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व विधायक मोहम्मद शफीर के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखा। वह तय समय से करीब डेढ़ घंटे देर से पहुंचे, लेकिन बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अखिलेश यादव ने गेट पर ही वाहन रुकवाकर हाथ हिलाकर अभिवादन किया और कहा कि उनके लिए हर कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने प्रयागराज में शंकराचार्य से जुड़ी घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि “हम बटुकों और ब्राह्मणों का सम्मान करते हैं, उनका अपमान नहीं होना चाहिए।” डिप्टी सीएम का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि जो लोग शंकराचार्य के पक्ष में बोल रहे हैं, वे स्पष्ट करें कि डिप्टी सीएम का पद कोई संवैधानिक पद नहीं है।
अमेरिका ट्रेड डील पर चुटकी
अखिलेश यादव ने अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील को लेकर तंज कसते हुए कहा कि “अब अमेरिका से अंडा, मुर्गी-बकरी का दाना भी आएगा। मोदी जी मिलेट्स खाने की अपील करते थे, तो अब मक्का, बाजरा और जौ भी अमेरिका से मंगाया जाएगा।” उन्होंने कहा कि सोयाबीन और सरसों का तेल भी अमेरिका से खरीदा जाएगा, जिसमें महक तक नहीं होगी।
गंगापुल निर्माण में देरी पर सवाल
उन्होंने फतेहपुर-रायबरेली को जोड़ने वाले असनी-गेगासो गंगापुल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पुल काफी पहले ध्वस्त हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ। पत्रकारों से सवाल करते हुए उन्होंने पूछा कि गंगापुल से यहां तक आने में कितना समय लगता है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि “लगता है योगी जी किसी खास को पुल का ठेका देना चाहते हैं या फिर अभी तक नक्शा ही बन रहा है।”
कानून-व्यवस्था और किसान मुद्दे पर हमला
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई और कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। “एक जिला एक उत्पाद” योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार इसका बजट सार्वजनिक क्यों नहीं करती। गोरखपुर में इलाज के अभाव में 19 लोगों की मौत और हाल की एक किशोरी से जुड़ी घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
हरिओम हत्याकांड का जिक्र
रायबरेली में फतेहपुर के हरिओम हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पीड़ित परिवार से मिलने तक नहीं देती। मुख्यमंत्री के जापान दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि “वे क्योटो घूमकर लौटें, लेकिन यहां रोजगार की स्थिति भी देखें।”
भाजपा पर आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा पिछले 10 वर्षों से जनता को गुमराह कर रही है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि फार्म-7 भरवाकर सपा के वोट घटाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिलेगी। ईवीएम हटाने की भी उन्होंने बात कही।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। “अगर लोगों की आय बढ़ेगी और उनके हाथ में पैसा आएगा, तभी देश में खुशहाली आएगी।”
दौरे के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

0
78 views

Comment