logo

वजीरगंज–आंवला मार्ग बदहाल, गड्ढों से जूझ रहे राहगीर; मरम्मत की उठी मांग

संवाददाता: देव ठाकुर

बिल्सी। वजीरगंज से आंवला को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ा हुआ डामर राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है, लेकिन अब तक इसका समुचित निर्माण या मरम्मत नहीं कराई गई है।क्षेत्रवासियों के अनुसार, मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया वाहन, स्कूल वाहन और ग्रामीणों का आवागमन होता है। खराब सड़क के कारण आए दिन वाहन चालकों को झटके लगते हैं और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। बरसात के समय गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने मांग की है कि जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण कराएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके। राहगीरों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई है और सवाल उठाया है—क्या इस मार्ग से गुजरने वालों की परेशानी पर अब ध्यान दिया जाएगा? | संवाद

9
110 views