
रुद्रपुर - संदिग्ध परिस्थितियों में कारोबारी को कनपटी में लगी गोली, नाजुक हालत में एम्स रेफर
#upendrasingh
रुद्रपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित एक दुकान में कारोबारी को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय ध्रुव चावला पुत्र स्व. अनिल चावला सिविल लाइन में “शू विला” नाम से जूतों की दुकान अपने पार्टनर हरजिंदर के साथ संचालित करता है। बताया जा रहा है कि रात करीब 9:30 बजे ध्रुव ने अपनी मां से फोन पर बात कर जल्द घर आने की बात कही थी।
करीब 10:30 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई, जिसके बाद हरजिंदर दुकान पर पहुंचा। वहां ध्रुव दुकान के अंदर खून से लथपथ और बेसुध अवस्था में मिला। उसकी कनपटी पर गोली लगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने दुकान से एक अवैध पिस्टल बरामद कर कब्जे में ले ली है। घटना के समय दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए, जिससे मामले को और संदिग्ध माना जा रहा है। फिलहाल गोली लगने के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं—आत्महत्या, दुर्घटना या आपराधिक षड्यंत्र—को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।