जमशेदपुर पहुंचेगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, 26 फरवरी को भूमि पूजन व मेडिकल कॉलेज कार्यक्रम में होंगी शामिल
जमशेदपुर। भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 26 फरवरी को जमशेदपुर आगमन प्रस्तावित है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति कदमा स्थित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केन्द्र ट्रस्ट के भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगी। इसके उपरांत वे मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था की समीक्षा के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) मनोज कौशिक तथा ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, आपात चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन प्रबंध, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं पेयजल सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने राष्ट्रपति आगमन से संबंधित सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त द्वारा सभी विभागों को स्पष्ट दायित्व सौंपे गए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से भी व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि माननीय राष्ट्रपति का दौरा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। रिपोर्ट: आनंद किशोर STV News बिहार-झारखंड ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)