logo

'तिरंगा लहर उठा' का विमोचन लालसोट में साहित्यकारों ने छात्र-छात्राओं से किया संवाद

लालसोट
शहर के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में अनुराग सेवा संस्थान के तत्वावधान में बाल साहित्यकार अंजीव अंजुम की 204वीं कृति 'तिरंगा लहर उठा' का विमोचन किया गया। अंजुम पं. जवाहरलाल नेहरू बाल साहित्य अकादमी, जयपुर के संस्थापक सदस्य एवं अनुराग सेवा संस्थान के साहित्य समन्वयक है।
विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. पदम सिंह करहल (मैनपुरी) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाराम सिंह मृदुल (इटावा), एनसीईआरटी के सहायक संपादक डॉ. शिव मोहन यादव (दिल्ली), साहित्य श्री अकादमी दिल्ली के सम्मानित सदस्य एवं नेपाली भाषा के वरिष्ठ रचनाकार अमर बानियाँ लोहोरो (गंगटोक), विद्यालय की प्रधानाचार्य चेतना बंशीवाल, अनुराग सेवा संस्थान के संस्थापक सियाराम शर्मा तथा साहित्यकार संजीव रावत उपस्थित रहे।
डॉ. पदम सिंह ने कहा कि यह पुस्तक बाल साहित्य को उस स्तर तक ले जाती है, जहां मनोरंजन के साथ बालक भावनात्मक रूप से समाज, परिवार और रिश्तों से जुड़ता है। सियाराम शर्मा ने कहा कि अंजुम ने बाल साहित्य में विशिष्ट पहचान बनाई है। प्रधानाचार्य चेतना बंशीवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में साहित्यकारों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें छात्र जीवन से ही साहित्य सृजन की ओर प्रेरित किया। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ के सचिव श्रीकांत शर्मा ने आभार जताया। चौथमल मीना, शंकर लाल जाट, महेश सुकार, अविरल गुप्ता, अमित कोलीवाड़ा, हेमराज सैनी, दिनेश जमात, केशव फूलबाज एवं ऋचा शर्मा ने भी विद्यार्थियों को साहित्य पढ़ने और रचनात्मक लेखन की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया।

15
817 views