logo

बिजनौर : 22 फरवरी को विशेष अभियान दिवसः डीएम ने की बैठक, कहा- BLO सुबह 10:30 से 1:30 बजे तक दावे-आपत्तियां लेंगे

बिजनौर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 22 फरवरी 2026 (रविवार) को विशेष अभियान दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस दिन सभी पदाभिहित स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10:30 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। वे निर्वाचक नामावलियों में दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की कार्यवाही करेंगे।

यह विशेष अभियान दिवस अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 का हिस्सा है। इसका उद्देश्य दावे और आपत्तियां प्राप्त करना तथा नोटिस चरण में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी ने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने यह जानकारी आज दोपहर कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ संचालित एसआईआर (Special Summary Revision) प्रक्रिया के अंतर्गत एक बैठक के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि अब तक बिजनौर जिले के आठों विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म 6 के 1,04,035 आवेदन, फॉर्म 7 के 3,111 आवेदन और फॉर्म 8 के 36,373 आवेदन भरे जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा-युवतियों के फॉर्म 6 भरवाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे। उन्होंने दावे और आपत्तियों की सुनवाई के कार्य में अपेक्षित सहयोग प्रदान करने के लिए अपने-अपने बूथ लेवल अभिकर्ताओं को सक्रिय करने पर भी जोर दिया, जिससे एसआईआर के कार्य में तेजी और पारदर्शिता बनी रहे।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वान्या सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार, भाजपा से धीर सिंह, सपा से अख़लाक़ अहमद उर्फ पप्पू, बसपा से मुहम्मद सिद्दीक तथा कांग्रेस पार्टी से अनिल त्यागी एवं क़ाज़ी आतिफ़ सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।

7
441 views