logo

शाहगंज कुचेरा मार्ग पर भीषण दुर्घटना - मिल्कीपुर अयोध्या


विकासखंड मिल्कीपुर के इनायतनगर थाना क्षेत्र में आज दोपहर लगभग 2:30 बजे एक बेहद भीषण सड़क हादसा हुआ। कुचेरा बाजार–शाहगंज संपर्क मार्ग पर हजारीलाल इंटर कॉलेज के सामने एक अनियंत्रित स्विफ्ट डिज़ायर कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपत्ति और उनका 11 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि बाइक चला रहे युवक का पैर टूट गया, वहीं 11 वर्षीय बच्चे का पैर भी फ्रैक्चर हो गया। बाइक पर पीछे बैठी महिला को भी गंभीर चोटें आईं और वह सड़क किनारे दूर जाकर गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में शाहगंज से कुचेरा की ओर आ रही थी। सामने से ओवरटेक करने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक को सीधे टक्कर मार दी।

टक्कर के प्रभाव में बाइक चला रहा युवक लगभग 20 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया, जबकि महिला और बच्चा दूर जा गिरे। घटना ने आसपास के लोगों को दहला दिया।

कार चालक की पहचान अखिलेश द्विवेदी (35), निवासी कौशलपुरी कॉलोनी, अयोध्या के रूप में हुई है। दुर्घटना के समय कार में उनके पिता भवन नारायण द्विवेदी और मां भी मौजूद थीं। सौभाग्य से कार के एयरबैग खुल जाने के कारण तीनों पूरी तरह सुरक्षित रहे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल 112 और 108 एंबुलेंस को बुलाया। इनायतनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर भेजा। वहां से तीनों की गंभीर स्थिति के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

दुर्घटना में ग्राम अहिरौली सलोनी निवासी विवेक कुमार की साइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने लोगों में चिंता पैदा कर दी है और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल फिर खड़े हो गए हैं।

चित्र - काल्पनिक A.I द्वारा निर्मित

2
13 views