logo

पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का निरीक्षण, एसपी ने जवानों संग लगाई दौड़ अनुशासन, फिटनेस और त्वरित रिस्पॉन्स पर दिया जोर

शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और जवानों की वर्दी, टर्न आउट, शस्त्र संचालन, ड्रिल एवं अनुशासन का बारीकी से परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्वयं पुलिसकर्मियों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए शारीरिक फिटनेस और मानसिक सजगता अत्यंत आवश्यक है। जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने अनुशासन, समयपालन और कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोपरि रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने डॉग स्क्वॉड का निरीक्षण किया। डॉग हैंडलर से श्वान दल के प्रशिक्षण, रखरखाव और कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपात परिस्थितियों में डॉग स्क्वॉड की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, इसलिए उनका प्रशिक्षण नियमित और उच्चस्तरीय होना चाहिए।

एसपी ने आरटीसी बैरक एवं मैस का भी निरीक्षण कर स्वच्छता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखा जाए।

एमटी सेक्शन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाहनों की फिटनेस, रखरखाव, स्वच्छता, लॉगबुक और सुरक्षा उपकरणों की जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी वाहन सदैव कार्यशील और व्यवस्थित रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जा सके।

अंत में पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस बल को जनसेवा की भावना से कार्य करने और कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सतत सतर्क रहने की प्रेरणा दी।

0
24 views