
वाणिज्य विभाग द्वारा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण पर कार्यशाला आयोजित
खानपुर कलां, 20 फरवरी । भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां के वाणिज्य विभाग द्वारा छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण को ध्यान में रखते हुए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ इशानी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा तनाव प्रबंधन के प्रभावी उपायों से अवगत कराना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो जगदीप सिंगला ने की। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में पानीपत इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की मानसिक परामर्शदाता सुश्री मानसी ने भाग लिया। मानसी, महिला विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग की पूर्व छात्रा भी हैं, ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने इंटरैक्टिव गतिविधियों, समूह चर्चाओं और प्रेरक खेलों के माध्यम से छात्राओं को तनाव, चिंता और भावनात्मक चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक उपाय सिखाए। मानसी ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं की छात्राओं से मानसिक दबाव, परीक्षा तनाव तथा भविष्य की चिंताओं जैसे विषयों पर खुलकर संवाद किया। उन्होंने सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन, आत्म-देखभाल और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने की तकनीकों पर विशेष जोर दिया।विभागाध्यक्ष प्रो. जगदीप सिंगला ने छात्राओं को संदेश देते हुए कहा कि चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास और उत्साह के साथ करें तथा परिणामों की चिंता किए बिना निरंतर प्रयासरत रहें।कार्यक्रम में विभाग के प्राध्यापक डॉ. अंजना, सुश्री नेहा सोनी, सुश्री स्वाति एवं सुश्री अंकिता भी मौजूद रही। फोटो कैप्शन :- छात्राओं से रूबरू होती सुश्री मानसी।