
जुखाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी
एक सप्ताह से पहले नहीं टूट रहा बच्चों का बुखार,ओ पी डी 500 के पार पहुंची
*मौसम में बदलाव के कारण खांसी, जुखाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी*
*एक सप्ताह से पहले नहीं टूट रहा बच्चों का बुखार, ओपीडी 500 के पार पहुंची*
खैरथल / हीरालाल भूरानी
पिछले एक सप्ताह में बार-बार बदलते मौसम ने लोगों को बीमार कर दिया है। सबसे ज्यादा मार बच्चों पर पड़ रही है। खांसी-जुकाम और तेज बुखार से परेशान बच्चे एक सप्ताह से राहत नहीं पा रहे। हालात यह हैं कि खैरथल सैटेलाइट अस्पताल की ओपीडी 400 से बढ़कर 500 को पार कर चुकी है।
अस्पताल के हर काउंटर पर लंबी कतारें हैं और मरीजों की पीड़ा लाइनों में ही सिमट कर रह गई है। हालात यह है कि पर्ची काउंटर और फिर ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के लिए लाइन नहीं टूट रही है। मरीजों की परेशानी यहीं खत्म नहीं होती जांच कराने रिपोर्ट दिखाने से लेकर निशुल्क दवाई काउंटर पर अपनी बारी का इंतजार करते मरीज और उनके परिजन परेशान हो रहे हैं।
सैटेलाइट अस्पताल में इन दिनों मौसम में आए बदलाव के कारण खांसी, जुखाम, बुखार, गले में दर्द के मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है। ओपीडी रोजाना करीब 400 रहा करती थी। अब वह पिछले दिनों से बढ़कर 500 से अधिक पहुंच गई है जैसे ही ओपीडी में मरीजों की भीड़ हल्की होने लगती है तो निशुल्क दवा काउंटर पर मरीज या उनके परिजनों की लंबी कतार लग जाती है। 12 फरवरी को ओपीडी 495, 13 को 507, 14 को 487, 15 को 287, 16 को 507, 17 को 509, 18 को 517, 19 को 495 रही। वहीं सेटेलाइट अस्पताल के पीएमओ डॉ. नितिन शर्मा का कहना है कि इन दिनों मौसम में हो रहे बदलाव की चलते लोग लापरवाही बरत रहे हैं जिसके कारण खांसी, जुखाम, बुखार, गले में दर्द, एलर्जी के मरीज बढ़े हैं।
*वायरल इन्फेक्शन का जोर, ठंडा पानी का सेवन करने से बचें*
खैरथल सैटेलाइट अस्पताल के चिकित्सक डॉ अनुज गुप्ता का कहना है कि इन दिनों दिनों वायरल इन्फेक्शन का जोर चल रहा है इससे खांसी, बुखार, जुखाम, लंबे समय से खांसी, हल्का बुखार, गले में दर्द, एलर्जी के मरीज बढ़े हैं। वहीं वायरल की चपेट में सबसे ज्यादा छोटे बच्चे चपेट में आ रहे हैं। अस्पताल की लेबोरेटरी में रोजाना 200 से 250 मरीजों की जांच की जा रही है। ऐसे में ठंडा पानी के सेवन और पंखे चलाने से बचना चाहिए। अस्पताल में सुबह से लेकर दोपहर तक रजिस्ट्रेशन काउंटर डॉक्टर के चेंबर लेबोरेट्री के बाहर मरीजों की लंबी लाइन देखी जा सकती है।
*फोटो कैप्शन --सैटेलाइट अस्पताल में लगी मरीजों की भीड़।*