
चौदह दिन से खराब हेडपंप प्यास से जूझ रहे मासूम विद्यार्थी
🔴 चौदह दिन से खराब हैंडपंप, प्यास से जूझ रहे मासूम विद्यार्थी
बस्ती। जनपद बस्ती के विकास क्षेत्र कुदरहा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अकेला कुबेरपुर स्थित कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय अकेला कुबेरपुर में बीते 14 दिनों से हैंडपंप खराब पड़ा है। पेयजल की व्यवस्था ठप होने से विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में लगा एकमात्र हैंडपंप खराब होने के कारण बच्चों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। मजबूरन विद्यार्थियों को आसपास के घरों पर जाकर पानी लेना पड़ रहा है, जिससे पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
बच्चों ने पानी की समस्या की जानकारी अपने अभिभावकों को दी। अभिभावकों ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को सूचना भी दी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। आश्वासन तक न मिलने से नाराज़ ग्रामीणों ने मामले की सूचना मीडिया को दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण ठंड और बदलते मौसम में स्वच्छ पेयजल की अनुपलब्धता से बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने शीघ्र मरम्मत कराकर विद्यालय में पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन कब तक इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेकर राहत पहुंचाते हैं।