
महेवा ब्लॉक के अहेरीपुर चौराहे पर बनी महेवा-अछल्दा रोड
महेवा ब्लॉक के अहेरीपुर चौराहे पर बनी महेवा-अछल्दा रोड का निर्माण हुए लगभग एक वर्ष ही बीता है, लेकिन इसकी हालत खराब हो गई है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ता डामर राहगीरों व वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
सड़क की इतनी कम अवधि में बदहाली ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर रोष है कि सरकारी धन का सही उपयोग क्यों नहीं हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। वे इसकी गहन जांच की मांग कर रहे हैं।
ग्राम अहेरीपुर निवासी रामनारायण यादव ने बताया कि सड़क बने अभी साल भर भी ठीक से नहीं हुआ है और बरसात में यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। सुरेश चंद्र पाल ने कहा कि रोजाना सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। रीना देवी ने बच्चों को स्कूल भेजने में डर लगने की बात कही, क्योंकि सड़क पर बड़े गड्ढे हो गए हैं।
युवक दीपक कुमार ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो यह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो जाएगी। यह मार्ग महेवा को अछल्दा से जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है, जिसका उपयोग आसपास के कई गांवों के लोग करते हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए ताकि आमजन को आवागमन में राहत मिल सके।
रिपोर्टर-नवनीत कुमार सिंह