logo

*गंगा में लापरवाही पर ‘एक्शन मोड’ में पुलिस: बिना लाइफ जैकेट ओवरलोडिंग करने वाले नाविकों पर कड़ी चोट, 4 नावें सीज*

*वाराणसी।* काशी की आस्था और पर्यटन की धुरी गंगा घाटों पर सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ करने वालों पर थाना भेलूपुर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। बिना लाइफ जैकेट श्रद्धालुओं को बैठाने और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी लेकर नाव चलाने वाले चार नाव संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी 04 नावें सीज कर दी गई हैं।

*वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला विशेष अभियान*

वाराणसी में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगा घाटों पर विशेष चेकिंग की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर व प्रभारी निरीक्षक थाना भेलूपुर के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

*अस्सी, रीवा और तुलसी घाट पर सख्त जांच*

अस्सी घाट, रीवा घाट और तुलसी घाट सहित अन्य घाटों पर गंगा नदी में नाव संचालन की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ नाव संचालक श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बिना लाइफ जैकेट के बैठाकर तथा क्षमता से अधिक सवारी लेकर नाव चला रहे थे। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।

*4 नावें सीज, कई पर मुकदमा*

थाना भेलूपुर में निम्नलिखित अभियोग पंजीकृत किए गए:

1 मु0अ0सं0 0105/2026 धारा 282 बीएनएस

2 मु0अ0सं0 0106/2026 धारा 282 बीएनएस

3 मु0अ0सं0 0107/2026 धारा 282 बीएनएस

4 मु0अ0सं0 0108/2026 धारा 282 बीएनएस

5 मु0अ0सं0 0109/2026 धारा 282 बीएनएस

चार नाव संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर संबंधित नावों को सीज किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात नाविकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

*सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं*

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। बिना लाइफ जैकेट नाव संचालन या ओवरलोडिंग पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

0
462 views