
पटना के नौबतपुर में हादसा...
पटना में एक हफ्ते के अंदर खुले चैंबर में गिरकर दूसरी बच्ची की मौत,
पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड के सरासत गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पढ़ने गई ढाई वर्ष की बच्ची की खुले नाले के चैंबर में गिरने से मौत हो गई। हाल ही में फुलवारीशरीफ के ईसापुर गांव में भी इसी तरह की घटना में दो वर्षीय बच्ची की जान गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।
मृत बच्ची की पहचान रिया कुमारी के रूप में हुई है। उसके पिता राकेश कुमार गांव में मजदूरी करते हैं। परिजनों के अनुसार, रिया रोज की तरह आंगनबाड़ी केंद्र गई थी और आमतौर पर दोपहर 12 बजे तक घर लौट आती थी। गुरुवार को जब वह घर नहीं पहुंची तो परिवार को अनहोनी की आशंका हुई और तलाश शुरू की गई।
आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचने पर सेविका ने बताया कि पढ़ाई के बाद बच्ची घर चली गई थी। केंद्र से घर की दूरी लगभग 100 मीटर है। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची की खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान परिजनों ने नौबतपुर थाने में बच्ची के लापता होने की लिखित शिकायत भी दी।
तलाश के दौरान ग्रामीणों की नजर सदीशोपुर-विक्रम रोड की ओर जाने वाले नाले के एक खुले चैंबर पर पड़ी। चैंबर में झांकने पर बच्ची का बैग दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पाइप लगाकर नाले का पानी निकालना शुरू किया। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद पानी कम होने पर बच्ची का शव नाले में मिला। शव को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गई।
नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैर फिसलने से चैंबर में गिरने का प्रतीत होता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी पर आरोप नहीं लगाया गया है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फुलवारीशरीफ में भी हुई थी ऐसी ही घटना
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले
फुलवारीशरीफ के रायचौक इलाके में भी दो साल की बच्ची खादिजा की खुले चैंबर में गिरने से मौत हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज में बच्ची के चैंबर में गिरने की घटना सामने आई थी। उसे इलाज के लिए पटना एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रति आक्रोश है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
#PWD #जन जन की आवाज