logo

पटना में पैसों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, बाकरगंज में फायरिंग से मची अफरातफरी

पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित बाकरगंज इलाके में गुरुवार देर शाम पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प और फायरिंग में बदल गया। घटना से इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, एक मोबाइल दुकानदार और एक युवक के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार की ओर से दो राउंड फायरिंग की गई।
सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के दो खाली खोखे बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
सिटी एसपी (मध्य) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फायरिंग की घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।
पुलिस अधीक्षक (मध्य) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई है, जो पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। दहशत फैलाने और अवैध फायरिंग के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0
480 views