खसरा और रूबेला से बचाव हेतु एम आर वैक्सीन के लिए लगाया गया निशुल्क टीकाकरण कैंप
गाजियाबाद। महिंद्रा एंक्लेव स्थित होली पब्लिक स्कूल में आज खसरा और रूबेला से बचाव के लिए एम आर वैक्सीन का निशुल्क टीकाकरण कैंप जिला स्वास्थ्य समिति, गाजियाबाद उत्तर प्रदेश, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शास्त्री नगर के द्वारा लगाया गया। टीकाकरण कैंप का शुभारंभ होली पब्लिक स्कूल के चेयरमैन डॉ दिनेश कुमार ने किया। डॉ दिनेश ने टीकाकरण के महत्व को समझाते हुए इसकी उपयोगिता बताई। मेडिकल ऑफिसर डॉ साजन सिंह के निर्देशन में ए आर ओ रामबाबू, फार्मासिस्ट ताहिर खान, स्टाफ नर्स सुषमा एवं एएनएम रूबी टीकाकरण टीम में थे। इस अवसर पर डॉ साजन सिंह ने बच्चों को टीकाकरण की उपयोगिता को समझाते हुए बताया कि यह टीका लगवाने से भविष्य में आपको खसरा जैसे बीमारियों से बचाव होगा क्योंकि यह वैक्सीन आपके शरीर में रहकर पुलिस की तरह खसरे से आपकी सुरक्षा करेगी। विश्व स्वास्थ्य संगठन के सर्विलांस स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अभिषेक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शास्त्री नगर की प्रभारी डॉ सबा परवीन ने कैंप का निरीक्षण किया और कैंप की व्यवस्था की भूरि - भूरि प्रशंसा करते हुए डॉ प्रवीण ने कहा कि अपने बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना सरकार के साथ-साथ हम सब सभी का भी कर्तव्य है और इसमें स्कूल का योगदान भी सराहनीय है। डॉ प्रवीण ने आगे कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन होता है और जब मन स्वस्थ होता है तभी पढ़ाई भी मन लगाकर की जाती है। स्कूल प्रिंसिपल श्रीमती उषा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अभिषेक पीएचसी शास्त्री नगर की प्रभारी डॉ सबा परवीन का विशेष आभार व्यक्त किया। टीकाकरण कैंप में कक्षा 1 से 5 तक के 75 बच्चों को वैक्सीन लगाई गई।