वैशाली में हर गुरुवार ‘उद्यमी संवाद’, समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
हाजीपुर/वैशाली समाहरणालय परिसर स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशन में प्रत्येक गुरुवार आयोजित होने वाले “उद्यमी संवाद कार्यक्रम” के तहत इस सप्ताह भी जिले के उद्यमियों के साथ संवाद किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमियों की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
संवाद के दौरान संबंधित पदाधिकारियों ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की गई। इंडस्ट्रियल एरिया हाजीपुर स्थित एशियाई प्लाईवुड के सत्वधिकारी ने फैक्ट्री के मुख्य द्वार के समीप वाई-फाई का तार लटका रहने से आवागमन में हो रही कठिनाई की समस्या उठाई। इस पर उपमहाप्रबंधक, बियाडा को शीघ्र कार्रवाई कर समस्या का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में इंडस्ट्रियल एरिया हाजीपुर में स्थापित यूनिवर्सल ट्रेडिंग के सत्वधिकारी ने स्ट्रीट लाइट की समस्या से अवगत कराया। संबंधित पदाधिकारी को स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षित एवं सुचारु कार्य वातावरण सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान अनमोल इंडस्ट्रीज के सत्वधिकारी ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में नगर परिषद हाजीपुर, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला उद्योग केंद्र, बियाडा, विद्युत एवं ग्रामीण कार्य विभाग तथा पुलिस विभाग सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर उद्यमियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उद्योगों के अनुकूल वातावरण का निर्माण और उद्यमियों को हर संभव सहयोग प्रदान करना प्राथमिकता है तथा यह संवाद प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रहेगी।