logo

सहरसा में ढाई साल की मासूम से दरिंदगी, ICU में जिंदगी की जंग

सहरसा जिले में ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घटना मंगलवार (17 फरवरी) की दोपहर की बताई जा रही है। गंभीर हालत में बच्ची को पहले सहरसा सदर अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां वह ICU में भर्ती है।
खेलते-खेलते गायब हुई मासूम
मां के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे वह घर के अंदर खाना खा रही थीं, जबकि उनकी सबसे छोटी बेटी दरवाजे पर खेल रही थी। कुछ देर बाद बच्ची की आवाज आनी बंद हो गई। तलाश करने पर वह कहीं नहीं मिली। पूरे मोहल्ले में खोजबीन की गई। करीब एक घंटे बाद सूचना मिली कि बच्ची बांसबाड़ी के पास घायल अवस्था में पड़ी है।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
परिजनों के अनुसार, बच्ची गंभीर रूप से घायल थी और उसे तत्काल सहरसा सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे भागलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पड़ोसी गांव का रहने वाला है और परिवार के परिचितों में शामिल था। पूछताछ में उसने खुद को निर्दोष बताया है।
पुलिस की जांच जारी
सहरसा के साइबर DSP अजीत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। FSL टीम ने घटनास्थल से सैंपल एकत्र किए हैं। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोष साबित होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में आक्रोश
घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की है। परिजन अस्पताल में बच्ची के स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

3
202 views