नेपाल कसीनों की लत ने ली ई-रिक्शा चालक की जान, 80 हजार रुपये हारने के बाद युवक ने की आत्महत्या
महराजगंज जनपद के नौतनवां थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। स्थानीय कस्बे में एक ई-रिक्शा चालक युवक ने नेपाल स्थित कसीनों में जुआ खेलने की लत के चलते आत्मघाती कदम उठा लिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक ने करीब 80 हजार रुपये की अपनी जमा पूंजी कसीनों में दोगुना करने की उम्मीद में लगा दी थी। रकम हार जाने के बाद वह गहरे अवसाद में चला गया। बताया जा रहा है कि घर लौटने के बाद उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।