logo

गोण्डा : तुलसी जन्मस्थली पर पहुंचीं देश की वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. नीरजा माधव, जन्मभूमि से जुड़े साक्ष्यों का किया अवलोकन...


गोण्डा (उत्तर प्रदेश) — देश की वरिष्ठ साहित्यकार एवं विदुषी डॉ. नीरजा माधव बुधवार को गोण्डा जनपद परसपुर नगर पंचायत स्थित गोस्वामी तुलसीदास जी की जन्मस्थली राजापुर पहुँचीं। इस दौरान उन्होंने तुलसीदास जी की जन्मभूमि से जुड़े ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्थलों का गहन निरीक्षण किया।
डॉ. नीरजा माधव ने तुलसी वाटिका, तुलसी कूप, तुलसी मानस सरोवर, आत्माराम टपरा, हुलसी तलैया सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया तथा उनसे जुड़े प्रमाणों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्थानीय लोगों एवं विद्वानों से संवाद कर आवश्यक तथ्य भी संकलित किए।
वरिष्ठ साहित्यकार ने कहा कि तुलसीदास जी पर उनके व्यापक अध्ययन के कारण यह यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने जन्मस्थली से जुड़े विवादों के संदर्भ में स्थानीय भाषा, सरयू-घाघरा संगम क्षेत्र तथा गुरु नरहरिदास आश्रम जैसे प्रमाणों को तुलसीदास जी की वास्तविक जन्मभूमि के समर्थन में अहम बताया।
डॉ. माधव ने ‘रामचरितमानस’ के बालकांड के श्लोकों का उल्लेख करते हुए सरकार से मांग की कि राजापुर को तुलसीदास जी की जन्मभूमि के रूप में विकसित किया जाए, जिससे धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
इस अवसर पर तुलसी जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष डॉ. स्वामी भगवदाचार्य, प्रयागदत्त मिश्र, शिखर मिश्र, काली प्रसाद सिंह, शिवकुमार चौधरी, अभिषेक कुमार, रमेश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

1
2682 views