यूपी बोर्ड परीक्षा में ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार, सचल दल की सतर्कता से खुला फर्जीवाड़ा; एएसपी राजेश कुमार सिंह बोले– होगी सख्त कार्रवाई*
*कौशाम्बी संदेश मंजीत कुमार*
*कौशांबी जनपद* में यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन नकल माफियाओं की साजिश का पर्दाफाश हो गया। प्रथम पाली में हाईस्कूल की परीक्षा के दौरान एक युवक को दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। सचल दल की सतर्कता से यह फर्जीवाड़ा सामने आया, जिससे परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। घटना श्री छत्रपाल मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज, मीरापुर कड़ा की है। यहां चेकिंग के दौरान प्रवेश पत्र और अभ्यर्थी की पहचान में गड़बड़ी मिलने पर सचल दल ने कड़ी जांच की। पूछताछ में युवक की पहचान अमित कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी अलीपुर जीता के रूप में हुई। वह श्री रामदास राम अधीनस्थ शर्मा इंटर कॉलेज, दौलतपुर कछार के छात्र अली अब्बास पुत्र मोहम्मद हसन की जगह परीक्षा दे रहा था। मामले की सूचना मिलते ही सैनी कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है एएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।