logo

परीक्षा केंद्रों पर अचानक पहुंचीं DM: बिजनौर में बिना आईडी के मिले कक्ष निरीक्षक, नाराजगी जताई

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने 18 फरवरी, 2026 को दोपहर 2:30 बजे बिजनौर में माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित परीक्षाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नकल विहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह दौरा किया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव, बोर्ड पर्यवेक्षक मनोज आर्य, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और आरजीपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने सबसे पहले राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बिजनौर का दौरा किया। यहां सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाएं सही पाई गईं। सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया, जहां सभी कैमरे सुचारू रूप से काम करते मिले।

इसके बाद, उन्होंने आरजेपी इंटर कॉलेज में संचालित परीक्षा कक्षों का जायजा लिया। इस दौरान, एक कक्ष निरीक्षक बिना पहचान पत्र (आईडी) के पाया गया, और एक महिला कक्ष निरीक्षक का पर्स परीक्षा कक्ष में मिला। जिलाधिकारी ने इस पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की।

जिलाधिकारी ने तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्रों में बिना पहचान पत्र के कोई भी कार्मिक नहीं पाया जाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा कक्षों में कक्ष निरीक्षकों सहित कोई भी व्यक्ति कोई वस्तु, बैग आदि लेकर प्रवेश न करे।

आरजेपी इंटर कॉलेज में निरीक्षण के दौरान सभी कैमरे संचालित पाए गए, लेकिन उनका रिमोट उपलब्ध नहीं था। प्रधानाचार्य द्वारा मोबाइल पर सभी परीक्षा कक्षों की लाइव स्थिति का अवलोकन कराया गया। जिलाधिकारी ने तत्काल रिमोट की व्यवस्था सुनिश्चित करने और यदि कोई उपकरण खराब हो जाए तो उसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान पैदा न हो।

10
508 views