logo

पूर्वी सिंहभूम में अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं की समीक्षा, पारदर्शी व समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

जमशेदपुर। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य लव कुश कुमार की अध्यक्षता में पूर्वी सिंहभूम जिला में विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति समुदाय के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयोग सदस्य ने शिक्षा, छात्रवृत्ति, आवास, स्वरोजगार, अत्याचार निवारण, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ लक्षित वर्ग तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्राथमिकता के आधार पर पहुँचे। अत्याचार निवारण से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, शिकायतों के प्रभावी समाधान और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया गया।
श्री कुमार ने कहा कि ग्रामीणों, गरीबों, किसानों, मजदूरों एवं जरूरतमंदों के अधिकारों की रक्षा और सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना बाधा पहुँचाना प्रत्येक सरकारी सेवक का नैतिक दायित्व है। जवाबदेह प्रशासन से ही जनता के बीच सरकार की छवि सुदृढ़ होगी।
बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार हेतु शत-प्रतिशत नामांकन, ड्रॉप-आउट रोकने, जर्जर विद्यालय भवनों की स्थिति सुधारने, शिक्षक-छात्र अनुपात बेहतर करने और अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों की सूची के सत्यापन, फर्जी मनरेगा जॉब कार्ड पर कार्रवाई तथा कृषि व श्रमिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं से पात्रों को जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, सिविल सर्जन साहिर पाल, डीटीओ धनंजय, एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद, डीएसपी मुख्यालय सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने आयोग सदस्य को आश्वस्त किया कि अनुसूचित जाति समुदाय के उत्थान हेतु योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है और प्राप्त निर्देशों के आलोक में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: आनंद किशोर
STV News Bihar Jharkhand
All India Media Association (AIMA)

0
0 views