logo

चचेरे भाई ने जमीन विवाद में 14 वर्षीय बालक की टांगी से हत्या, प्रेमनगर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

सूरजपुर। जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महोरा गांव में 14 वर्षीय नाबालिग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमीन बंटवारे के विवाद में चचेरे भाई ने ही टांगी से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी 2026 की शाम करीब 5 बजे प्रार्थी मंगलूराम पण्डो के बड़े पुत्र लालसाय (14 वर्ष) के मोबाइल से उसके मामा मंगलसाय के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि लालसाय की हत्या कर दी गई है और उसका शव गहुआ भादा जंगल में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन अंधेरा होने के कारण शव नहीं मिल सका।
दूसरे दिन 12 फरवरी को ग्रामीणों के साथ पुनः तलाश करने पर गहुआ भादा जंगल से पुल भादा की ओर जाने वाली पगडंडी के किनारे लालसाय का शव मिला। उसके गले में गंभीर चोट के निशान थे। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 19/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस को जमीन बंटवारे को लेकर परिवार में चल रहे विवाद की जानकारी मिली। संदेह के आधार पर देवसाय पण्डो उर्फ देवान (28 वर्ष), निवासी महोरा, खेखरानाला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि जमीन विवाद को लेकर वह लालसाय और उसके पिता से नाराज था। घटना के दिन उसने लालसाय को बहाने से अपने निर्माणाधीन मकान के पास बुलाया और बाद में उसे पुल भादा जंगल की ओर ले जाकर टांगी से गले पर वार किया। घायल अवस्था में लालसाय के भागने पर उसने पुनः गहुआ भादा जंगल में पकड़कर गले पर प्रहार कर हत्या कर दी। आरोपी ने मृतक के मोबाइल से उसके मामा को फोन कर गुमराह किया और मोबाइल व सिम को झाड़ियों में फेंक दिया। घटना के बाद वह ग्रामीणों के साथ खोजबीन में भी शामिल रहा।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का की-पैड मोबाइल, टूटा सिम, बैटरी और घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पूरी कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी प्रेमनगर बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विराट विशी के नेतृत्व में की गई।
इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

9
851 views