logo

नगर पंचायत बकेवर के लखना रोड स्थित आदर्श नगर

नगर पंचायत बकेवर के लखना रोड स्थित आदर्श नगर मुहाल में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार अचानक टूट गया। इस घटना से पूरे मुहल्ले में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने तत्काल लखना विद्युत विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के लाइनमैन मौके पर पहुंचे और टूटे हुए तार की मरम्मत का काम शुरू किया।


मुहाल आदर्श नगर बकेवर निवासी चंदन वर्मा, राहुल, आशीष पाल, रितेश मिश्रा, जयराम दोहरे, अमर सिंह राठौर और गोरेलाल सहित कई लोगों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मुहल्ले में बिछे ये तार काफी समय से जर्जर हालत में हैं।

निवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि इन जर्जर तारों को शीघ्र बदला जाए। उनका कहना है कि ऐसा न होने पर भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना घटित हो सकती है।

इस संबंध में अवर अभियंता लखना, रामसेवक ने बताया कि गिलहरी पोल पर चढ़कर घोंसला बना लेती है, जिससे इंसुलेटर फट जाता है और तार टूट जाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन तारों को बदलने की प्रक्रिया होली के बाद की जाएगी।

रिपोर्टर-नवनीत कुमार सिंह

0
47 views