logo

सूरजगढ़ को मिली सड़क विकास की बड़ी सौगात 19 करोड़ 45 लाख रुपये के कार्य स्वीकृत, क्षेत्रीय संपर्क मार्ग होंगे मजबूत - विधायक श्रवण कुमार

झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है। राजस्थान बजट 2026–27 के पूरक बजट में घोषित योजनाओं के तहत सूरजगढ़ क्षेत्र के लिए अनेक महत्वपूर्ण सड़क विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा आमजन को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्वीकृत कार्यों में झाझा–भिर्र रोड, उरिका से हरियाणा सीमा तक, कासणी से बीजोली का बास तक, पिचाणवा से ब्राह्मणों की ढाणी तथा सिरसला से सुल्ताना अहीरान तक सड़क निर्माण शामिल है, जिसके लिए 3 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। इसी क्रम में स्यालु कलां से सेही कला रोड होते हुए उधमपुरा (रामरख की ढाणी) तक 1 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही सूरजगढ़ क्षेत्र में विभिन्न मिसिंग लिंक सड़कों (कुल लंबाई 10.5 किलोमीटर) के निर्माण के लिए 4 करोड़ 20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।अन्य योजनाओं में स्टेट हाईवे सूरजगढ़ मंडी से रघुनाथपुरा–सूरजगढ़ तक 1 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा राजवीरपुरा से जाखोद कासणी तक 2.5 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु 1 करोड़ 35 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे संबंधित गांवों को सीधी एवं सुरक्षित सड़क सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त सूरजगढ़–स्वामी सेही–तोला सेही–डालमियों की ढाणी होते हुए एनएच-11 तक 12 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 9 करोड़ 90 लाख रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत की गई है। इन सभी योजनाओं को मिलाकर सूरजगढ़ क्षेत्र में सड़क विकास कार्यों पर कुल 19 करोड़ 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह उपलब्धि सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार के निरंतर प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि बजट से पूर्व विधायक श्रवण कुमार ने राज्य की वित्त मंत्री दिया कुमारी से भेंट कर इन सभी कार्यों की मांग रखी थी। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्रीय संपर्क मार्ग मजबूत होंगे तथा व्यापार, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान बनेगी, जिससे सूरजगढ़ क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

0
0 views