बलिया में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 की कड़ी निगरानी में आरंभ, DM ने कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण
बलिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को नकलविहीन, सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में बुधवार को प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से पूछा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा समय से शुरू हुई या नहीं तथा कहीं से विलंब या अव्यवस्था की कोई सूचना तो प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कंट्रोल रूम में कंप्यूटर के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही थी। इस पर जिलाधिकारी ने बड़ी स्क्रीन लगवाकर उसी पर सभी केंद्रों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी केंद्र पर विद्यार्थी अत्यधिक नजदीक बैठे दिखाई दें या कोई अन्य गड़बड़ी नजर आए तो तत्काल संबंधित प्रधानाचार्य को फोन कर आवश्यक सुधार कराया जाए। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में स्पीकर और लैंडलाइन कनेक्शन की व्यवस्था उसी दिन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे त्वरित संवाद स्थापित किया जा सके। इसके बाद उन्होंने कुंवर सिंह इंटर कॉलेज स्थित कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया और सीसीटीवी स्क्रीन पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट कक्ष तथा विभिन्न परीक्षा कक्षों की लाइव निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार और सतर्क निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में संचालित हो रही बोर्ड परीक्षाओं की कड़ी मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर कमी न रहने दी जाए। प्रशासन की सतर्कता के बीच जनपद में बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो रही है।