logo

फरवरी के अंत में वाराणसी आएंगे सीएम योगी, परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा



वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फरवरी के अंतिम सप्ताह में वाराणसी के दौरे पर आ सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान शहर में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही उनकी प्रगति की समीक्षा करेंगे।



मुख्यमंत्री रोपवे परियोजना और गंजारी में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम स्थल का निरीक्षण कर सकते हैं। इसके अलावा वे कमिश्नरी आवास परिसर में निर्माणाधीन मंडलीय एकीकृत कार्यालय भवन की प्रगति की जानकारी लेंगे। शहर में विकसित हो रहे सोलर पार्क, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और सिग्नेचर रेल रोड ब्रिज परियोजना की भी समीक्षा प्रस्तावित है।

नगर निगम के नए सदन भवन के निर्माण कार्य की स्थिति पर भी मुख्यमंत्री नजर डालेंगे। सर्किट हाउस परिसर में बन रहे प्रदेश के पहले साइलेंट सब स्टेशन के बारे में अधिकारियों से विस्तृत प्रस्तुतीकरण लिया जाएगा। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही प्रमुख सड़कों और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा होगी।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने और अद्यतन रिपोर्ट तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूर्ण हों और जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

10
774 views