बनारस स्टेशन पर मार्च में बढ़ जाएगा दबाव, मुंबई, बिहार और गुजरात की ट्रेनें होंगी शिफ्ट
वाराणसी। गुजरात, मुंबई और बिहार जाने वाली तीन ट्रेनों को मार्च से बनारस स्टेशन पर शिफ्ट किया जाएगा। इससे बनारस स्टेशन पर मार्च से यात्रियों का दबाव बढ़ जाएगा। पहले ये ट्रेनें कैंट से रवाना होती थीं, लेकिन रेलवे प्रशासन ने अब इन्हें बनारस स्टेशन से संचालित करने का निर्णय लिया है।
मुंबई जाने वाली महानगरी, गांधीनगर और बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस ट्रेनों को अब बनारस स्टेशन से चलाने का निर्णय लिया गया था। अब ट्रेनों के शिफ्ट करने की तिथि भी घोषित कर दी गई है। इसमें वाराणसी से गांधीनगर गुजरात को जाने वाली 22467/22468 ट्रेन छह मार्च से बनारस रेलवे स्टेशन से चलेगी।
इसके अलावा कैंट रेलवे स्टेशन से राजगीर जाने वाली 14224/14223 बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस का संचालन 9 मार्च से बनारस स्टेशन से होगा। मुंबई जाने वाली 22177/22178 महानगरी एक्सप्रेस 21 मार्च से बनारस स्टेशन से चलाई जाएगी।