
बेंगलुरु में सीसीबी की बड़ी कार्रवाई: तीन विदेशी नागरिकों सहित 15 गिरफ्तार, ₹10.59 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त
बेंगलुरु (दलपतसिंह भायल ) शहर की सीसीबी नारकोटिक्स विंग तथा विभिन्न पुलिस स्टेशनों ने प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन विदेशी नागरिकों सहित कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 9 किलो 460 ग्राम हाइड्रो गांजा, 5 किलो 677 ग्राम एमडीएमए, 34 किलो गांजा, 131 ग्राम कोकीन, 462 मिलीलीटर हशीश का तेल, 29 एलएसडी गोलियां, 27 ग्राम एलएसडी स्ट्रिप्स, एक कार, एक दोपहिया वाहन तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य ₹10.59 करोड़ आंका गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹21.50 करोड़ बताई जा रही है।
सीसीबी के नारकोटिक्स कंट्रोल विंग और अमृतहल्ली, हेब्बागोडी, जेबी नगर, शेषाद्रिपुरम, महालक्ष्मी लेआउट एवं गोविंदपुरा पुलिस थानों की सीमाओं में प्राप्त विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मुखबिरों से मिली जानकारी के अनुसार इन क्षेत्रों में हाइड्रो गांजा, एमडीएमए, कोकीन, एलएसडी गोलियां, एलएसडी स्ट्रिप्स, हशीश का तेल एवं गांजा जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर चिन्हित स्थानों पर छापेमारी की। विभिन्न तिथियों पर की गई इस संयुक्त कार्रवाई में तीन विदेशी नागरिकों और अन्य राज्यों के बारह व्यक्तियों सहित कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।