
धनबाद में ‘BOSS’ नंबर प्लेट वाली गाड़ी जब्त, ट्रैफिक अभियान में सख्ती
ट्रैफिक चेकिंग अभियान में फैंसी प्लेट पर सख्ती
–धनबाद। शहर में ट्रैफिक नियमों को लेकर चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत यातायात पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में चेकिंग के दौरान एक ऐसी गाड़ी पकड़ी गई, जिसकी नंबर प्लेट पर रजिस्ट्रेशन नंबर की जगह बड़े अक्षरों में “BOSS” लिखा हुआ था।
जैसे ही पुलिस की नजर इस फैंसी नंबर प्लेट पर पड़ी, वाहन को तुरंत रोक लिया गया। चालक से वैध नंबर प्लेट के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने मौके पर ही वाहन को जब्त कर लिया और स्पष्ट निर्देश दिया कि मोटर वाहन अधिनियम के अनुरूप वैध नंबर प्लेट लगवाने के बाद ही गाड़ी छोड़ी जाएगी। साथ ही जुर्माने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
धनबाद यातायात पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि नंबर प्लेट वाहन की पहचान का आधिकारिक माध्यम है। उस पर किसी भी तरह की स्टाइलिश लिखावट, डिजाइन या शब्द लिखना नियमों का उल्लंघन है। दुर्घटना, हिट एंड रन या किसी आपराधिक घटना की स्थिति में ऐसी नंबर प्लेट जांच में बाधा बनती है।
गौरतलब है कि हाल ही में फैंसी नंबर प्लेट जैसे ‘यादव’, ‘राजपूत’ आदि लिखवाने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया था। ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह ने स्पष्ट किया था कि सड़कों पर केवल नियमों के अनुरूप जारी नंबर प्लेट ही मान्य होंगी और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात विभाग ने दोहराया है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नो-पार्किंग और फैंसी नंबर प्लेट जैसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
जनता से अपील:-सड़क पर वाहन चलाना अधिकार है, लेकिन नियमों का पालन करना जिम्मेदारी। दिखावे के लिए कानून तोड़ना भारी पड़ सकता है।