उन्नाव के शीतल गंज, पुरवा में शिव–पार्वती की प्रथम भव्य शोभायात्रा, आनंदेश्वरी मंदिर से
उन्नाव, 15 फरवरी 2026: शीतल गंज, पुरवा क्षेत्र में पहली बार भगवान शिव एवं माता पार्वती की भव्य शोभायात्रा का आयोजन बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। यह शोभायात्रा आनंदेश्वरी मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पक्का तालाब स्थित शिव मंदिर पर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुजन भजन-कीर्तन और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ यात्रा में सम्मिलित हुए। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। आनंदेश्वरी मंदिर समिति की ओर से इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की सफलता पर समिति के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा भविष्य में भी ऐसे धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया।