*बाड़मेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 186 किलो से अधिक केमिकल जब्त*
बाड़मेर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। धोरीमना थाना क्षेत्र के खरड़ सरहद में पुलिस ने एक रहवासी घर पर दबिश देकर ड्रग्स बनाने के काले कारोबार का पर्दाफाश किया है
एसपी मीना ने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि शातिर तस्कर सोहनलाल और सुरेंद्र मिलकर रेतीले धोरों के बीच स्थित एक घर में एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री डालने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर डीएसटी टीम और धोरीमना थानाधिकारी दीपसिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सोहनलाल के घर पर दबिश दी
भारी मात्रा में रासायनिक पदार्थ और उपकरण बरामद:
पुलिस की तलाशी के दौरान घर से एक बड़े नीले ड्रम में भरा हुआ 186 किलो 940 ग्राम अवैध केमिकल बरामद हुआ, जिसका उपयोग एमडी ड्रग्स बनाने में किया जाना था। इसके साथ ही ड्रग्स बनाने में प्रयुक्त होने वाले अन्य उपकरण और सामग्री भी जब्त की गई है
शातिर अपराधी है मुख्य आरोपी सोहनलाल:
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी सोहनलाल बिश्नोई एक आदतन अपराधी है उसके खिलाफ पूर्व में कुल 12 गंभीर प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें 03 मामले एनडीपीएस एक्ट के, 08 मामले चोरी के और 01 मामला लूट का शामिल है
दबिश के दौरान आरोपी मौके पर नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सोहनलाल, सुरेंद्र और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ धोरीमना थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस कार्रवाई में कांस्टेबल हरलाल की विशेष सूचना और सक्रियता रही। पूरी कार्रवाई सीओ गुड़ामालानी सुखाराम के सुपरविजन में संपन्न हुई, जिसमें धोरीमना पुलिस और बाड़मेर डीएसटी टीम का महत्वपूर्ण समन्वय रहा