केंद्रीय स्वास्थ्य सेवा में चयन — हरदोई की बेटी डॉ. आमिना सुल्तान जैदी का यूपीएससी में जलवा
केंद्रीय स्वास्थ्य सेवा में चयन — हरदोई की बेटी डॉ. आमिना सुल्तान जैदी का यूपीएससी में जलवा
कस्बा पिहानी जनपद हरदोई के नवाब खानदान की प्रतिभाशाली बेटी डॉ. आमिना सुल्तान जैदी (उर्फ जोना) ने प्रतिष्ठित केंद्रीय स्वास्थ्य सेवा (CHS) में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। उनका चयन संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में हुआ, जहां वे जनरल कैटेगरी के केवल चार चयनित उम्मीदवारों में अकेली महिला हैं।
डॉ. आमिना, मरहूम सैयद अली नवाब जैदी की पुत्री हैं और उनका चयन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में स्वास्थ्य सेवा के महत्वपूर्ण पद पर हुआ है।
डॉ. आमिना का बचपन पिहानी में बीता। उन्होंने सेंट जेम्स स्कूल, हरदोई से शिक्षा प्राप्त की और 2004 में हाईस्कूल में जिला टॉपर रहीं। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से MBBS व MD की डिग्री हासिल की।
उन्होंने मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज, हमदर्द इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं दीं।
उनके पास डिप्लोमेट नेशनल बोर्ड (DNB) की योग्यता भी है, जो नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज द्वारा प्रदान की जाती है।
डॉ. आमिना के पति सैयद वासिफ हैदर दिल्ली में एडिशनल कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं। बड़े भाई अकबर जैदी और छोटे कामरान जैदी पुश्तैनी खेती संभाल रहे हैं।
उनकी उपलब्धि पर चाचा अरशद जैदी, सांसद जय प्रकाश, विधायक श्याम प्रकाश, ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेयी, पूर्व पालिकाध्यक्ष साजिद जमाल चांद, सैय्यद अम्मार जैदी, डॉ. हिरा मुमताज सहित कई गणमान्य लोगों ने खुशी जताते हुए बधाई दी।।
डॉ. आमिना ने देश बेटियों को संदेश देते हुए कहा
“सुविधाओं की कमी कभी बाधा नहीं बनती। ईमानदारी, फोकस और कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं। शिक्षा ही सफलता का सबसे मजबूत रास्ता है!!”