logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

20-21 फरवरी से बोर्ड परीक्षा 27 हजार से अधिक छात्र देंगे परीक्षा, 119 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच होगी शुरुआत

बलौदाबाजार।छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी सर्टिफिकेट परीक्षा वर्ष 2026 की शुरुआत जिले में क्रमशः 20 एवं 21 फरवरी से होने जा रही है। इस वर्ष बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से कुल 27 हजार 260 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें कक्षा 10वीं के 16,187 तथा कक्षा 12वीं के 11,073 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हैं। परीक्षा प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।

कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिले के पांचों विकासखंडों में कुल 119 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा के दौरान नकल एवं अनुचित साधनों के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला, अनुभाग एवं विकासखंड स्तर पर कुल 12 उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। ये दल परीक्षा अवधि में सतत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। साथ ही केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं कि परीक्षा नियमों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे ने बताया कि परीक्षा सामग्री का वितरण प्रारंभ हो चुका है। सोमवार को बलौदाबाजार एवं कसडोल विकासखंड के केंद्राध्यक्षों को सामग्री वितरित की गई, जबकि मंगलवार को पलारी, भाटापारा एवं सिमगा विकासखंड के केंद्राध्यक्षों को सामग्री प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों को उनके संबंधित विद्यालयों में मंगलवार से प्रवेश पत्र वितरित किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा अनुशासन एवं नियमों का पालन करने की अपील की है। बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी परीक्षा संचालन के लिए प्रतिबद्ध है।

39
1221 views
1 shares

Comment