logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

परीक्षा में 30 मिनट विलंब से पहुंचने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश देने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।



परीक्षा में 30 मिनट विलंब से पहुंचने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश देने की मांग को लेकर ज्ञापन

रिपोर्ट - भगवानदास शाह
जिला बुरहानपुर मध्यप्रदेश


बुरहानपुर। पालक महासंघ, बुरहानपुर द्वारा विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए माननीय शिक्षा मंत्री, मध्यप्रदेश शासन, भोपाल के नाम जिला कलेक्टर, बुरहानपुर के माध्यम से ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान निर्धारित समय के पश्चात कम से कम 30 मिनट तक विलंब से पहुंचने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति प्रदान करने की मांग की गई है।

महासंघ ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि हाल ही में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षा में 30 मिनट तक विलंब से प्रवेश की अनुमति देने का निर्णय लिया गया, जो छात्रहित में एक सराहनीय एवं संवेदनशील कदम है। इसी प्रकार की व्यवस्था मध्यप्रदेश में भी लागू की जानी चाहिए, ताकि यातायात बाधा, स्वास्थ्य समस्या, प्राकृतिक कारण अथवा दूरी जैसी अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण विलंबित होने पर किसी विद्यार्थी का एक वर्ष व्यर्थ न हो।

महासंघ जिला ईकाई अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनी ने इस पहल के कई सकारात्मक पहलुओं पर प्रकाश डाला, जिनमें विद्यार्थी हित सर्वोपरि रखना, मानसिक तनाव में कमी, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर, शासन की संवेदनशील छवि का सुदृढ़ीकरण, ड्रॉपआउट दर में कमी तथा अभिभावकों में विश्वास की वृद्धि शामिल है।

महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि परीक्षा के दिन छोटी-सी देरी के कारण विद्यार्थियों की वर्षभर की मेहनत पर पानी फिर जाना न्यायसंगत नहीं है। अतः शासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।

इस अवसर पर महासंघ के अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष अत्ताउल्लाह खान, भावेश तोमर, उपाध्यक्ष पंकज पटेल, कोषाध्यक्ष डॉ. यूसुफ खान, सहसचिव रियाज ऊल हक अंसारी, मीडिया प्रभारी विवेक हकीम, वरिष्ठ मार्गदर्शक राजीव खेड़कर, महामंत्री नंदकुमार वाने, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशा तिवारी, राजेश भगत सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

अंत में पालक महासंघ ने आशा व्यक्त की कि मध्यप्रदेश शासन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।

0
0 views

Comment