
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का दो दिवस में निराकरण करें – कलेक्टर श्रीमती यादव
समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
आगर मालवा, 16 फरवरी।कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर 50 दिवस से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों का आगामी दो दिवस में अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाए। शिकायत निराकरण में जिन विभागों का प्रदर्शन निम्न है, वे शीघ्र सुधार कर ‘ए’ ग्रेड प्राप्त करें। निर्धारित समय-सीमा में समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती यादव ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए दिए। बैठक में राजस्व, वन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की ग्रेडिंग की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एसडीएम आगर श्री मिलिंद ढोंके, डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई, समस्त तहसीलदार, सीएमओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होने वाली आगामी वीडियो कॉन्फ्रेंस को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को अंतिम प्रगति पत्रक (फाइनल पीटी) तैयार कर आंकड़ों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को प्रतिदिन डेटा अपडेट करने के लिए कहा गया।
राजस्व प्रकरणों पर विशेष जोर
कलेक्टर ने सीमांकन, नामांतरण एवं बंटवारा जैसे राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। समस्त तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि सोयाबीन मुआवजा न प्राप्त होने से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के साथ शत-प्रतिशत निराकरण किया जाए। उर्वरक वितरण हेतु सभी कृषकों की फार्मर आईडी बनाई जाये। जिनकी फार्मर आईडी बनी है, उनके सभी खसरे लिंक करे। समग्र ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा कर जनपद सीईओ और नगरीय निकाय सीएमओ को आवश्यक निर्देश दिये।
जनगणना-2027 की पूर्व तैयारियां
बैठक में जनगणना-2027 के संबंध में पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। कलेक्टर ने बताया कि जनगणना फरवरी–मार्च 2027 तक दो चरणों में पूर्ण की जाएगी। यह कार्य पूर्णतः डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए अधिकारी-कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी तथा जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जनगणना से संबंधित सभी पूर्व तैयारियां शासन निर्देशानुसार समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने टीएल मार्क किए गए आवेदनों एवं अन्य लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। सभी तहसीलदारों को भूमि अभिलेखों के अद्यतनकरण एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए। “संकल्प से समाधान” अभियान के अंतर्गत दर्ज आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिन विभागों द्वारा अब तक आवेदन दर्ज नहीं किए गए हैं, वे तत्काल पंजीयन करें। जिले का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दो दिवस के भीतर सभी लंबित आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, सभी विभागों को आई-गोट पोर्टल पर पंजीयन कराने तथा जिन अधिकारियों की आईडी निर्मित नहीं हुई है, उन्हें तत्काल आईडी बनवाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग शासन स्तर से प्राप्त लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करना सुनिश्चित करें।