
आज़मगढ़ कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया पूरा परिसर, बम निरोधक टीम अलर्ट
आज़मगढ़: न्यायालय परिसर में बम से ब्लास्ट की धमकी, मचा हड़कंप — कैंपस खाली कर सघन तलाशी जारी
आज़मगढ़ जिले की न्यायालय कचहरी परिसर में सोमवार को बम विस्फोट की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आ गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराकर चारों ओर से घेराबंदी कर दी गई और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आज़मगढ़ की दीवानी कचहरी में बम से विस्फोट किए जाने की धमकी की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार समेत पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बिना देर किए पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया और वहां मौजूद सभी अधिवक्ताओं, कर्मचारियों तथा फरियादियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया।
एहतियात के तौर पर न्यायालय के सभी प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। किसी भी व्यक्ति को परिसर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा परिसर के एक-एक कोने की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों को भी पुलिस ने घेराबंदी कर जांच अभियान तेज कर दिया है।