logo

विकास की नई धुरी बनेगा मार्ग... मालवा क्षेत्र को हाड़ौती से जोड़ने में अहम

जिले के विकास को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण सड़क परियोजना उज्जैन-माधोपुर फोरलेन के तहत राजस्थान की सीमा में चंवली से माधोपुर तक 26.737 किमी फोरलेन की टैंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। इधर प्रशासन भी जमीन अधिग्रहण भी शुरू करने वाला है। चंवलीं से लेकर बिंदा टोल तक पिड़ावा एसडीएम और बिंदा टोल से माधोपुर गांव तक झालावाड़ एसडीएम को भू आवाप्ति अधिकारी बनाया गया है।
यह मार्ग बहुप्रतीक्षित उज्जैन-माधोपुर फोरलेन का हिस्सा होगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार चंवली से माधोपुर गांव तक राजस्थान की सीमा में 26.773 किमी सड़क 611.32 करोड़ रुपए से राजस्थान सरकार द्वारा करवाया जाएगा। जबकि उज्जैन से चंवली तक फोरलेन मध्यप्रदेश सरकार बनवा रही है। इस फोरलेन का उद्देश्य सिंहस्थ 2028 से पहले कनेक्टिविटी को सुगम बनाना है। परियोजना के पूरा होने से झालावाड़ जिले की कनेक्टिविटी उज्जैन और आसपास के प्रमुख शहरों से और अधिक सुदृढ़ होगी। अभी यह टू लेन रोड है।
फोरलेन होने के बाद बार-बार जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से निजात मिलेगी। नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने पिड़ावा और झालावाड़ एसडीएम को भूमि अधिग्रहित कर उन्हें सौंपने के लिए पत्र लिखा है। निर्माण एजेंसी द्वारा प्रारंभिक तकनीकी सर्वे पूरा कर लिया गया है। सड़क को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिसमें सर्विस रोड, ड्रेनेज सिस्टम, सुरक्षा बैरियर और संकेतक बोर्ड शामिल होंगे। यह मार्ग मालवा क्षेत्र को हाड़ौती से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। खासकर कृषि उपज, व्यापारिक गतिविधियों और औद्योगिक परिवहन के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। वहीं ट्रांसपोर्ट लागत में भी कमी आने की संभावना है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि फोरलेन बनने से जिले में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। होटल, पेट्रोल पंप, वेयरहाउस और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। उज्जैन और झालरापाटन देानों ही प्रसिद्ध धार्मिक नगरी हैं। उज्जैन से सीधे फोरलेन जुड़ने से झालरापाटन में भी धार्मिक पर्यटन को पंख लगेंगे।
चंवली से माधोपुर तक फोरलेन निर्माण होगा। इसके लिए पत्र आया हुआ है कि जमीन का अधिग्रहण करना है। इसका खाका तैयार कर अधिग्रहण शुरू किया जाएगा।

- अभिषेक चारण, एसडीएम

Aima media jhalawar

0
91 views